लखनपुर में FLN संकुल नोडल शिक्षकों की कार्यशाला संपन्न, बच्चों को ‘निपुण’ बनाने पर जोर

लखनपुर में FLN संकुल नोडल शिक्षकों की कार्यशाला संपन्न, बच्चों को ‘निपुण’ बनाने पर जोर

 

लखनपुर, सरगुजा। विकासखंड लखनपुर में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी (FLN) के अंतर्गत एक दिवसीय संकुल नोडल शिक्षक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों को निर्धारित शैक्षणिक दक्षताओं में निपुण बनाने तथा FLN गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर श्रीमती दीप्ति भावसार, श्री भागीरथी अजय एवं श्री रामजतन यादव ने शिक्षकों को FLN के उद्देश्यों, संकुल नोडल शिक्षकों की जिम्मेदारियों तथा मासिक एवं दैनिक कार्ययोजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM), ‘जादुई पिटारा’ और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी कम लागत वाली शैक्षणिक सामग्रियों के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों की पढ़ने, समझने और गणितीय क्षमताओं को बेहतर बनाने के व्यावहारिक तरीके साझा किए गए।

अधिकारियों ने शिक्षकों को किया प्रेरित

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह तथा बीआरसी श्री दीपेश पांडेय की विशेष उपस्थिति रही। अधिकारियों ने शिक्षकों को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

33 संकुलों के नोडल शिक्षकों ने लिया हिस्सा

इस कार्यशाला में विकासखंड लखनपुर के सभी 33 संकुलों के संकुल नोडल शिक्षकों ने सहभागिता की। इसके साथ ही सभी 33 संकुल समन्वयक (CRC) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में लखनपुर बीपीओ श्री अरविंद गुप्ता, सीएसी श्री दीपेंद्र सिंह तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के श्री सौरभ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने का संकल्प

कार्यशाला के समापन पर सभी संकुल नोडल शिक्षकों ने अपने-अपने संकुल के विद्यालयों में FLN गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने और बच्चों की शैक्षणिक दक्षताओं में सुधार लाने का संकल्प लिया। कार्यशाला का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करते हुए प्रत्येक बच्चे को पढ़ने, लिखने, समझने और बुनियादी गणितीय गणनाओं में सक्षम बनाना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने