अंबिकापुर। छठ पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरगुजा पुलिस ने रूट एडवाइजरी जारी की है। 14 नवंबर के दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की प्रातः 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का शहर या रिंग रोड में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
13 घाटों पर पुलिस बंदोबस्त
दिनांक 14 से 16 नवंबर तक जिले में सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) का पर्व मनाया जाएगा। अंबिकापुर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों और तालाबों के घाटों पर एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं। इसे देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने यातायात व्यवस्था सहित सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
छठ पर्व के दौरान कुल 13 घाटों पर 244 से अधिक अधिकारी एवं पुलिस बल तैनात किया गया है। सर्वाधिक खर्रा नदी (घुनघुट्टा बांध) एवं शंकरघाट (रामानुजगंज रोड) पर लगभग 45-45 का बल तैनात रहेगा। प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है, साथ ही अग्निशमन की व्यवस्था भी की गई है।
सादी वर्दी में तैनात रहेगी पुलिस
पर्व के दौरान सादी वर्दी में पुलिस टीम तैनात रहेगी, जिससे भीड़-भाड़ में असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्ती से कार्रवाई की जा सके। चेन स्नैचिंग सहित अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए 5 पेट्रोलिंग टीम और 2 बाइक पेट्रोलिंग को 2 शिफ्ट में तैनात किया गया है।
छठ पर्व के दौरान लगभग 400 पुलिसकर्मी पूरे जिले में तैनात रहेंगे।
बसों के लिए परिवर्तित मार्ग
न्यू बस स्टैंड से रायपुर, रायगढ़, बनारस, वाड्रफनगर एवं मनेंद्रगढ़ की ओर आने-जाने वाली यात्री बसें यथावत चलेंगी।
न्यू बस स्टैंड से प्रतापपुर की ओर आने-जाने वाली बसें गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, साईं कॉलेज, डिगमा एवं सरगवां होते हुए चलेंगी। रामानुजगंज की ओर जाने वाली बसें गांधी चौक, अंबेडकर चौक, बनारस मार्ग, साईं कॉलेज, डिगमा, सरगवां, चिखलाड़ीह, सिधमा एवं ककना होते हुए चलेंगी।
शंकरघाट एवं घुनघुट्टा बांध की ओर आने-जाने वाले चार पहिया वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। रामानुजगंज से आने वाली यात्री बस एवं चारपहिया वाहन भकुरा नवापारा होते हुए सरगवां सकालो निकलकर आएंगे।
लुचकी से दरिमा की ओर आने वाली यात्री बसें एवं अन्य वाहनों का मार्ग करजी चौक तथा नवानगर व दमाली से दरिमा की ओर आने वाली बसों एवं अन्य वाहनों का मार्ग एयरपोर्ट तिराहा से परिवर्तित किया गया है।
भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित मार्ग
दिनांक 14 नवंबर के दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की प्रातः 10 बजे तक भारी वाहन एवं मालवाहन निम्न मार्गों पर प्रतिबंधित रहेंगे:
- दरिमा मोड़ - रायगढ़ रोड
- सांड़बार बैरियर - बिलासपुर रोड
- अजिरमा बैरियर - मनेंद्रगढ़ रोड
- एफसीआई गोदाम चठिरमा - बनारस रोड
- ककना मोड़ - रामानुजगंज रोड
- आरटीओ कार्यालय के पास - प्रतापपुर रोड
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निम्न स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है:
- संजय पार्क के सामने चार पहिया वाहन पार्किंग
- सूटन ढाबा के पास दोपहिया वाहन पार्किंग
- खनिज बैरियर के पास पार्किंग
- मोंटफोर्ट स्कूल के पास पार्किंग
- घुनघुट्टा नदी के पास चारपहिया वाहन पार्किंग
- घुनघुट्टा नदी के पूर्व में दोपहिया वाहन पार्किंग
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि पर्व के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे। 