अंबिकापुर। थाना बतौली पुलिस टीम ने शराब के नशे में बिना वैध लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाने वाले चालक को 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
चेकिंग में पकड़ा गया चालक
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में थाना बतौली पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स, बिना नंबर के वाहन चालक को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम सत्यनारायण ठाकुर पुत्र ठाकुर राम, उम्र 29 वर्ष, साकिन नवापारा थाना दरिमा बताया।
मौके पर चालक को शराब के नशे में धुत्त होकर वाहन चलाते पाया गया। मेडिकल मुआयने के बाद भी चालक का शराब के नशे में होना पाया गया। साथ ही उसके पास वैध लाइसेंस नहीं मिला।
न्यायालय ने लगाया 15 हजार रुपये का अर्थदंड
मोटरसाइकिल चालक द्वारा बिना वैध लाइसेंस के शराब के नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 एवं 3/181 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामला न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय ने वाहन चालक को 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे। पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
