अंबिकापुर। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मानव संसाधन एवं भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधनों की उपलब्धता, विभिन्न रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। एनएचएम के माध्यम से जारी भर्ती प्रक्रिया के साथ ही डीएमएफ मद से स्वीकृत अतिरिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने भर्ती प्रक्रिया में समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में अब मानव संसाधन पर्याप्त हैं, इसलिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की अनुपलब्धता के कारण किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
लुरेना और डाढ़केसरा में नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र
बैठक में स्वास्थ्य केंद्र भवनों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विकासखंड मैनपाट के लुरेना एवं विकासखंड लखनपुर के डाढ़केसरा में डीएमएफ मद से नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र भवन स्वीकृत कराने हेतु प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन पर जोर
गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की समीक्षा करते हुए प्रथम तिमाही में पंजीयन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक गर्भवती महिला की कम से कम चार या उससे अधिक एएनसी जांच कराई जाए।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं की पहचान, समय पर पंजीयन, नियमित जांच और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने को कहा। सीतापुर विकासखंड में पंजीयन की स्थिति को महिला एवं बाल विकास विभाग के वास्तविक आंकड़ों से वेरिफाई करने के निर्देश दिए गए।
संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष जोर
कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए मैदानी अमले के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने जिले में मातृत्व मृत्यु दर की जानकारी ली और गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण आहार, नियमित जांच, आवश्यक दवाइयों एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। सुदूर क्षेत्रों में विशेष फोकस कर लोगों को संस्थागत प्रसव हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
निजी अस्पतालों की एक माह में जांच
कलेक्टर ने निजी अस्पतालों में मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार, बुनियादी डेकोरम और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आगामी एक माह में जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जांच में अस्पतालों की बुनियादी सुविधाएं, साफ-सफाई, मरीजों के प्रति व्यवहार, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार की व्यवस्था और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। जहां लापरवाही या अनियमितता सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम एवं आईडीएसपी प्रगति रिपोर्ट सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विकासखंडों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने डॉक्टरों द्वारा निजी चिकित्सालयों में मरीजों के रेफरल एवं कारणों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बीएमओ मॉनिटरिंग करें और अनावश्यक रेफरल न हो, अन्यथा संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। चिरायु की टीम को स्कूल, आश्रम और छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. सरुता, सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र राम सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, बीपीएम तथा संबंधित उपस्थित रहे।
.jpeg)