अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के बाद आरोपियों ने लोहे के बसीला से वार कर युवक की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लोहे के बसीला बरामद किए हैं।
गैरेज के कमरे में मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खैरबार, बदुलापारा स्थित एक वाहन गैरेज के कमरे में एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा के रूप में हुई। वह वाहन मैकेनिक का काम सीख रहा था और रात के समय गैरेज के कमरे में ही सोता था। पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर के पीछे गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
प्रार्थी रमेश सोनी की रिपोर्ट पर थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 701/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने कोतवाली पुलिस टीम को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद पुलिस टीम एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चश्मदीद गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पूछताछ में विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम आकाश उर्फ चिंटू (26 वर्ष), पिता शम्भू सिंह और आकाश कंवर (19 वर्ष), पिता कैलाश कंवर, निवासी खैरवार बदुलापारा, थाना कोतवाली अंबिकापुर बताया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना की रात मृतक के साथ विवाद होने की बात बताई। इसके बाद लोहे के बसीला से वार कर विश्वजीत की हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो नग लोहे के बसीला बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम रही सक्रिय
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता, परवेज फिरदौशी, नितिन सिन्हा, विवेक राय, लालबाबू सिंह एवं सैनिक दशरथ गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
