अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी

अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी

 

अम्बिकापुर, सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की शुरुआत हुई है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से द्वितीय साप्ताहिक सेवा का शुभारंभ सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर किया। ट्रेन निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे रवाना हुई।


इस अवसर पर सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।

मंगलवार और गुरुवार को चलेगी अम्बिकापुर–निजामुद्दीन एक्सप्रेस

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।

ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है। इसका लाभ अम्बिकापुर के साथ-साथ मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा।

लंबे समय से थी सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग

सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के लोगों को दिल्ली आने-जाने में अधिक सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण सभी यात्रियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। रायगढ़, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे।

सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति

डीआरएम श्री राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त सेवा का लाभ केवल अम्बिकापुर ही नहीं, बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से इस अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में बढ़ेंगी सुविधाएं

डीआरएम श्री रंजन ने अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार करने के साथ ही बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है।

इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य भी जारी है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलना पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डीसीएम श्री एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम श्री अहूजा, पार्षद श्री आलोक दुबे, पार्षद श्री रविकांत उरांव, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह, श्री विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने