अंबिकापुर। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा कुल 29 गुंडा-बदमाशों की नई फाइल खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें से 05 गुंडा-बदमाशों की फाइल खोलकर स्वीकृति की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष 24 मामलों में अग्रिम कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय 39 आदतन अपराधियों के खिलाफ धारा 110 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए प्रकरण तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।
05 नए गुंडा-बदमाशों की फाइल खुली
सरगुजा पुलिस के अनुसार जिले में शांति व्यवस्था प्रभावित करने और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है।
अब तक थाना कोतवाली में 02, थाना गांधीनगर में 02 और थाना मणीपुर में 01 व्यक्ति के विरुद्ध गुंडा-बदमाश की नई फाइल खोलने की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
वहीं शेष 24 व्यक्तियों के विरुद्ध नई फाइल खोलने की प्रक्रिया जारी है। इनमें थाना गांधीनगर में 08, थाना उदयपुर में 08, थाना लखनपुर में 06, थाना कोतवाली में 01 और चौकी कुन्नी क्षेत्र में 01 प्रकरण पर कार्रवाई की जा रही है।
39 आदतन अपराधियों पर धारा 110 के तहत कार्रवाई
जिले में आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी तेज कर दी है। धारा 110 के तहत कुल 39 प्रकरण तैयार कर संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किए गए हैं।
थाना कोतवाली द्वारा सर्वाधिक 18 प्रकरण, थाना गांधीनगर द्वारा 16 प्रकरण, थाना मणीपुर द्वारा 03 प्रकरण तथा चौकी रघुनाथपुर द्वारा 02 प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की गई है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
सरगुजा पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।