सरगुजा में कांग्रेस का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन मजबूती का प्रशिक्षण

सरगुजा में कांग्रेस का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन मजबूती का प्रशिक्षण

अंबिकापुर। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों का सरगुजा संभाग स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से अंबिकापुर के होटल मयूरा में शुरू हो गया। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत और प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदु ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस से जुड़ी देश की महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। 17 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में सरगुजा संभाग के 6 जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉकों के ब्लॉक अध्यक्ष और सभी जिलों के 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं। उद्घाटन सत्र में संभाग के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ पूर्व विधायक भी मौजूद रहे।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण इसका अगला चरण है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे बूथ स्तर तक जारी रहेगा।

मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को एक दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।

जनाधार बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर जोर

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस ऐसे कार्यकर्ताओं की मजबूत इकाई तैयार करने की दिशा में काम कर रही है, जो निरंतर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि उदयपुर अधिवेशन में लिए गए संकल्प के अनुरूप कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उद्घाटन सत्र का संचालन मुख्य प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने किया।

पहले दिन हुए पांच प्रशिक्षण सत्र

प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन उद्घाटन सत्र के अलावा पांच अन्य सत्र आयोजित किए गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी परिस्थितियों पर प्रशिक्षण दिया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने खनिज संपदा की लूट और वनों के विनाश के विषय पर अपनी बात रखी। वहीं जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आयोग की कार्यशैली और जनजातीय अधिकारों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

पीसीसी प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने प्रशिक्षण की आवश्यकता और कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षक अशोक चतुर्वेदी ने पार्टी के इतिहास और विचारधारा पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।

दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई नेता देंगे प्रशिक्षण

प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित अन्य वक्ता प्रशिक्षु ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कांग्रेस ने संभाग स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर अपना फोकस रखा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने