- अध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े की अध्यक्षता में विकास खंड शिक्षा कार्यालय में बैठक हुई।
- मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साइकिल वितरण और स्कूल मरम्मत पर चर्चा की गई।
- पुहुपुटरा माध्यमिक शाला में 2 अतिरिक्त शिक्षकों की मांग की गई।
- केवरा प्राथमिक शाला में खेल मैदान के लिए वन विभाग को पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया।
- शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और आश्रम छात्रावास की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
लखनपुर, आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को माननीय अध्यक्ष जनपद शिक्षा स्थाई समिति लखनपुर की अध्यक्षता में विकास खंड शिक्षा कार्यालय लखनपुर में बैठक का आयोजन किया गया। आहूत बैठक में श्री कामेश्वर राजवाड़े अध्यक्ष, श्री चंदन सिंह सदस्य, श्री सुदर्शन सिंह सदस्य, श्रीमती फूलमती राजवाड़े सदस्य, श्रीमती गणेश्वरी राठिया सदस्य और श्री देव कुमार गुप्ता बीईओ, श्री आलोक कुमार सिंह एबीईओ, श्री दीपेश पांडेय बीआरसी, श्री अरविंद गुप्ता बीपीओ, श्री मनीष वर्मा मंडल संयोजक एवं कार्यालय के समस्त लिपिकगण बैठक में उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम बैठक में माननीय अध्यक्ष और सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात विकास खंड शिक्षा अधिकारी के द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत सभी को पोषण युक्त भोजन उपलब्ध कराने के विषय में विभागीय अधिकारियों के द्वारा समय-समय पर मॉनिटरिंग के साथ-साथ माननीय अध्यक्ष और सदस्यों से आग्रह किया गया कि आप लोग भी स्कूलों में जाकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता देखें और आवश्यक सुझाव दें।
बैठक में निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण, विद्यालयों की मरम्मत, किचन शेड नवीन निर्माण और मरम्मत ऐसे विद्यालय जहां बरसात के दिनों में पानी रिसता है वहीं शेड निर्माण कराए जाने के संबंध में चर्चा की गई। माध्यमिक शाला पुहुपुटरा में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या अधिक होने के कारण दो अतिरिक्त शिक्षक की मांग की गई।
प्राथमिक शाला केवरा में खेल मैदान नहीं होने के कारण उसके नजदीक में वन विभाग की भूमि उपलब्ध है जिसे खेल मैदान हेतु वन विभाग को पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया। माननीय अध्यक्ष महोदय ने विद्यालयों में खेल को बढ़ावा देने हेतु विद्यालयों को निर्देशित करने हेतु कहा गया। विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर चर्चा की गई। मंडल संयोजक लखनपुर से आश्रम छात्रावास की विद्यार्थियों के रहने, खाने और स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी जानकारी ली गई। शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के संबंध में भी चर्चा की गई।
