भारत गौरव ट्रेन से काशी-अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए 850 श्रद्धालु

भारत गौरव ट्रेन से काशी-अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए 850 श्रद्धालु

 अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


अम्बिकापुर, श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से श्री काशी एवं श्री अयोध्या धाम की तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुए। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से दोपहर 2:30 बजे रवाना हुई विशेष ट्रेन को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, नगर पालिक निगम के सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, आईआरसीटीसी तथा छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

काशी और अयोध्या में करेंगे दर्शन

तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को काशी में बाबा विश्वनाथ तथा अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिलेगा। दोनों धार्मिक स्थलों की यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ देश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं का श्री काशी और श्री अयोध्या धाम के लिए रवाना होना प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के अधिक से अधिक अवसर मिलें।

अम्बिकापुर स्टेशन पर दिखा भक्ति और उत्साह

भारत गौरव ट्रेन की रवानगी के दौरान अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं को विदाई देने के लिए उनके परिजन और परिचित भी स्टेशन पहुंचे। काशी और अयोध्या धाम के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में उमंग और प्रसन्नता नजर आई।

हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के रवाना होते ही स्टेशन परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया।

आईआरसीटीसी के माध्यम से भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधा

श्रद्धालुओं की सुविधाजनक एवं व्यवस्थित यात्रा के लिए आईआरसीटीसी के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, आवास एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

यात्रा प्रबंधन में आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की टीम समन्वय के साथ कार्य कर रही है, ताकि तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकें।

अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह

सरगुजा संभाग के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम की यह यात्रा धार्मिक एवं भावनात्मक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। काशी में बाबा विश्वनाथ और अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन के साथ श्रद्धालु देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ेंगे।

62 ट्रेनों से 52 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं तीर्थ दर्शन

श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार अब तक 62 ट्रेनों के माध्यम से 52 हजार से अधिक तीर्थयात्री इस योजना का लाभ लेकर श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

अम्बिकापुर से रवाना हुई यह यात्रा इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं को श्री काशी और श्री अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है।

श्रद्धालुओं ने जताया आभार

यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ और श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त की। श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत गौरव ट्रेन के माध्यम से भोजन, आवास और चिकित्सा जैसी सुविधाओं के साथ तीर्थयात्रा की व्यवस्था होने से यात्रा और सुविधाजनक हो गई है।

एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि काशी और अयोध्या उनके लिए आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र हैं। श्री रामलला के भव्य मंदिर में दर्शन करने की वर्षों पुरानी इच्छा अब पूरी होने जा रही है।

भारत गौरव ट्रेन से सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं की यह तीर्थयात्रा धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक अनुभव और देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर लेकर आगे बढ़ी है। भारत गौरव ट्रेन 19 सितंबर को वापस लौटेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने