गणेश चतुर्थी, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर मंथन
अंबिकापुर, गणेश चतुर्थी, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक एवं श्री रामसिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शांति समिति के सदस्यों और उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों ने भी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
प्रशासन, पुलिस और आयोजन समितियों के बीच समन्वय पर जोर
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी नागरिक को असुविधा न हो और शांति एवं सौहार्द की भावना बनी रहे।
उन्होंने प्रशासन, पुलिस, आयोजन समितियों और नागरिकों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन स्थलों पर रहेगी विशेष सुरक्षा
गणेश एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर कलेक्टर ने उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ आवश्यकता के अनुसार क्रेन एवं एसडीआरएफ टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, प्रमुख एवं भारी यातायात वाले मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग तथा शहर एवं बसाहट वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए आवश्यकता के अनुसार महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर भी चर्चा हुई।
तेज आवाज वाले डीजे पर रहेगी निगरानी
बैठक में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अत्यधिक तेज आवाज में उपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। समिति के सदस्यों ने रिहायशी क्षेत्रों में तेज आवाज वाले डीजे के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर ने निर्धारित नियमों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। धार्मिक आयोजनों में अश्लील गीतों के स्थान पर भक्तिपूर्ण एवं मर्यादित गीतों को प्रोत्साहित करने की बात कही गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की अपील की और नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की बात कही।
बड़े पंडालों में सीसीटीवी और भंडारा स्थलों पर स्वच्छता
सुरक्षा की दृष्टि से बड़े गणेश एवं दुर्गा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने सक्षम पंडालों में सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
भंडारा आयोजित करने वाली समितियों एवं आयोजकों को आयोजन स्थल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी तय करने तथा कार्यक्रम के बाद गंदगी नहीं फैलने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही हुल्लड़बाजी पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया गया।
दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के लिए विशेष इंतजाम
दशहरा पर्व के दौरान रावण दहन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। दीपावली के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पटाखा गोदामों को शहर से बाहर किए जाने की जानकारी दी गई। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले दुकान संचालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारों के दौरान नशे में उत्पात करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई, ईव-टीजिंग एवं चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छठ पूजा के दौरान पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल एवं अन्य दलों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों एवं आयोजन समितियों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा त्योहारों को अनुशासन, भाईचारे, आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।