2.42 करोड़ रुपये के विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण और महतारी सदन का भूमिपूजन
अम्बिकापुर, स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अम्बिकापुर के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केदमा में राष्ट्रभक्ति, विकास और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम केदमा में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं अम्बिकापुर विधायक श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण तथा महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
2.42 करोड़ के विद्युत सब-स्टेशन से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था
ग्राम केदमा में 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। इससे घरेलू जरूरतों के साथ शिक्षा, कृषि, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की मूलभूत सुविधाएं शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों तक भी मजबूत अधोसंरचना के साथ पहुंचे। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा ग्रामीण विकास की आधारशिला है।
महतारी सदन से महिलाओं को मिलेगा सशक्त मंच
कार्यक्रम के दौरान महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। यह सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए बैठकों, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा।” उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। महिलाओं को बेहतर सुविधाएं, अवसर और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
केदमा में तिरंगा यात्रा, विद्युत सब-स्टेशन के लोकार्पण और महतारी सदन के भूमिपूजन ने राष्ट्रभक्ति, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण का एक साथ संदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
