बतौली (सरगुजा)। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कपाटबहरी में सीसी सड़क पर मिट्टी डाले जाने के कारण बारिश के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। इससे गांव के करीब 30 परिवारों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर मिट्टी डालने से निर्माण की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार नवापारा से गौठान जंगल तक निर्मित तीन सीसी सड़कों पर गर्मी के मौसम में मिट्टी डलवा दी गई थी। बरसात शुरू होते ही यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। किसानों को खेतों तक पहुंचने तथा बच्चों को स्कूल जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में विभिन्न योजनाओं, जिनमें 15वें वित्त आयोग, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना तथा गौण खनिज मद से निर्मित सड़कों का कार्य शामिल है, उनके रखरखाव में लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि सीसी सड़क पर मिट्टी डालने के कारण सड़क की सतह उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
स्वच्छता अभियान पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गौठान के पास बने सेग्रीगेशन शेड में एकत्रित कचरे को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे स्वच्छता अभियान प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि स्वयं सहायता समूह द्वारा घर-घर से एकत्र किए गए कचरे के निस्तारण की व्यवस्था बाधित हो गई है। इसके चलते कचरा संग्रहण के लिए खरीदे गए रिक्शा भी उपयोग में नहीं आ रहे और अनुपयोगी स्थिति में पड़े हैं।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले में बतौली जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मीनारायण सिदार ने कहा कि सीसी सड़क पर डाली गई मिट्टी हटाने के लिए संबंधित पंचायत को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि जिम्मेदारों पर कार्रवाई के संबंध में उन्होंने विस्तृत टिप्पणी नहीं की।