अम्बिकापुर | अम्बिकापुर में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत 16 अप्रैल से स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार यह अभियान 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में जिले में जनगणना का पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।
स्व-गणना अभियान के तहत अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी सुनील नायक ने स्वयं निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना पत्रक ऑनलाइन भरकर नागरिकों को प्रेरित किया।
प्रशासन के अनुसार, जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्रित की गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है। डेटा सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहित किया जाता है और केवल समग्र आंकड़े ही प्रकाशित किए जाते हैं। किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम और पता सार्वजनिक नहीं किए जाते और न ही इसका उपयोग टैक्स, पुलिस या जांच एजेंसियों द्वारा किया जाता है।
नागरिकों को बताया गया है कि वे स्व-गणना के लिए ऑनलाइन पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और प्राप्त SE ID को प्रगणक के साथ साझा कर सकते हैं। हालांकि स्व-गणना अनिवार्य नहीं है, लेकिन यदि कोई नागरिक स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक उनके घर पहुंचकर आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।
अधिक जानकारी के लिए नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर आम जनता को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सभी नागरिकों की सटीक जानकारी दर्ज की जा सके।
Tags
अम्बिकापुर