सरगुजा ओलम्पिक 2026: संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

सरगुजा ओलम्पिक 2026: संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

अम्बिकापुर, 19 मार्च 2026/ सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “सरगुजा ओलम्पिक 2026” की संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 21 से 23 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। यह प्रतियोगिता अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होगी, जहां उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।

तैयारियां पूरी, कई स्थानों पर होंगे आयोजन

जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खेल गतिविधियां पीजी कॉलेज ग्राउंड, हॉकी स्टेडियम, सेंट जेवियर्स विद्यालय, गांधी स्टेडियम और गांधी स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल सहित विभिन्न स्थलों पर आयोजित होंगी। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

12 खेल विधाओं में मुकाबले

इस आयोजन में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन, रस्साकसी सहित कुल 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए व्यायाम शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

2000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

संभाग स्तरीय इस प्रतियोगिता में कुल 2190 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 1044 महिला और 1146 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग—17 वर्ष से कम और 17 वर्ष से अधिक—में आयोजित की जाएगी।

जिलेवार भागीदारी की बात करें तो सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों के खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों के साथ लगभग 270 स्टाफ सदस्य भी आयोजन में शामिल रहेंगे।

यह आयोजन न केवल क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और खेल के क्षेत्र में पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने