वृद्ध महिला से जमीन हड़पने का आरोप, शिक्षक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग

वृद्ध महिला से जमीन हड़पने का आरोप, शिक्षक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग

अम्बिकापुर, सरगुजा | जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बकीला निवासी 65 वर्षीय वृद्ध महिला जगरो बाई ने एक शासकीय शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धोखे और जालसाजी के माध्यम से उसकी पूरी जमीन अपने नाम करा ली और तय रकम भी पूरी नहीं दी।

पीड़िता के अनुसार, उसके पिता द्वारा प्रदत्त खसरा नंबर 393/3 और 396/1 की कुल भूमि पर वह वर्षों से खेती कर जीवन यापन कर रही थी। पारिवारिक जरूरतों के चलते उसने जमीन बेचने का निर्णय लिया, जिसके लिए उसके पुत्रों ने ग्राहक की तलाश की। इसी दौरान आरोपी शिक्षक अनिरुद्ध गुप्ता से बातचीत हुई और करीब 50 डिसमिल जमीन का सौदा 71.40 लाख रुपये में तय हुआ।


महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी कमजोरी का फायदा उठाया। उसे शराब पिलाकर पंजीयन कार्यालय ले जाया गया और 22 डिसमिल जमीन के नाम पर बातचीत करते हुए धोखे से पूरी जमीन का रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। अब तक आरोपी ने मात्र करीब 31.50 लाख रुपये ही दिए हैं, जबकि शेष 54.90 लाख रुपये देने में लगातार टालमटोल कर रहा है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला ने जनवरी 2026 में बी-1 की नकल निकलवाई, जिसमें पूरी जमीन आरोपी के नाम दर्ज पाई गई। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज, मारपीट की धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात भी कही गई।


पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर अपने नाम नामांतरण भी करा लिया। साथ ही यह भी जांच की मांग की गई है कि एक शासकीय सेवक होते हुए आरोपी ने बिना अनुमति इतनी बड़ी भूमि कैसे खरीदी।

महिला ने थाना प्रभारी, पुलिस थाना अम्बिकापुर को आवेदन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जमीन वापस दिलाने की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने