भुवनेश्वर, 11 जुलाई 2025
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को ओडिशा में आयोजित "संविधान बचाओ रैली" को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस जनसभा का उद्देश्य पार्टी के समर्थन को मजबूत करना और संविधान व जनहित से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करना था।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि,
"ओडिशा सरकार का एकमात्र काम है – गरीब जनता से जल, जंगल और जमीन छीनकर 5-6 अरबपतियों को देना। पहले बीजद (BJD) यही कर रही थी, अब BJP वही कर रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी जैसे उद्योगपति न केवल केंद्र की बल्कि ओडिशा सरकार को भी चला रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि जगन्नाथ यात्रा के दौरान भी अडानी परिवार को विशेष सुविधा दी जाती है। "जब लाखों लोग रथ खींचते हैं, तब अडानी परिवार के लिए रथ को रोका जाता है – यह एक नाटक है, जिससे साफ हो जाता है कि सरकार किसके लिए काम कर रही है।"
राहुल ने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि "ओडिशा में 40,000 से अधिक महिलाएं गायब हो चुकी हैं और आज तक उनका कोई पता नहीं चला है। यहां हर दिन महिलाओं के साथ अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।"
उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली को कमजोर करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा,
"मैं कल बिहार में था। जैसे महाराष्ट्र में चुनावों की चोरी हुई, वैसी ही साजिश बिहार में भी रची जा रही है। चुनाव आयोग BJP की शाखा की तरह काम कर रहा है। हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार में चुनाव चोरी नहीं करने देंगे।"
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा,
"आप हमारे बब्बर शेर हैं। आप ही ओडिशा की गरीब जनता की रक्षा कर सकते हैं। यह लड़ाई गरीबों, दलितों, आदिवासियों, किसानों और मजदूरों की है – और कांग्रेस पार्टी ही इसे जीत सकती है।"
इस रैली के जरिए कांग्रेस ने ओडिशा में एक बार फिर से सक्रिय राजनीति की जमीन मजबूत करने की कोशिश की है। पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि वह आदिवासी, महिला और किसान मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को आक्रामक चुनौती देने के लिए तैयार है।