बिहारी मूल के लोगों से अपने गांव जाकर भाजपा-एनडीए के समर्थन में जनजागरूकता फैलाने का आग्रह
प्रेस को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि देशभर में बिहार मूल के लगभग 2 करोड़ लोग निवास करते हैं और उनसे आग्रह किया जा रहा है कि वे अपने-अपने गांव जाकर भाजपा और एनडीए की डबल इंजन सरकार के समर्थन में जन जागरूकता फैलाएं।
पूर्व सांसद ने बताया कि इस उद्देश्य से वे छत्तीसगढ़ के 7-8 जिलों में निवासरत बिहारी समाज से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए डबल इंजन सरकार आवश्यक है और इसके लिए प्रवासी बिहारी समुदाय की भूमिका अहम रहेगी।
श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अंबिकापुर से रामानुजगंज जाने वाली सड़क की मरम्मत और बिहार की राजधानी से जोड़ने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेस वे पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इन मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
प्रेस वार्ता से पूर्व आयोजित बिहारी मूल के नागरिकों की बैठक में श्री सुशील कुमार सिंह का पुष्पहारों से स्वागत किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष सिसोदिया ने स्वागत भाषण में कहा कि बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्य के वरिष्ठ नेता का आगमन सरगुजा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बैठक से बिहार चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ताओं का मनोबल और प्रतिबद्धता और अधिक सशक्त हुई है।
इस कार्यक्रम में निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, पार्षद मनीष सिंह, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक सिंहदेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।