अंबिकापुर। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत संभाग स्तरीय नाटक (रोल प्ले) एवं लोक नृत्य (फोक डांस) प्रतियोगिता 4 नवंबर 2026 को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कोरिया जिले के विद्यालय ने नाटक विधा में तथा सरगुजा जिले के विद्यालय ने लोक नृत्य विधा में प्रथम स्थान हासिल किया।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन कौशल का संदेश
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, छत्तीसगढ़ रायपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य शालेय विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जीवन कौशल का विकास करना था।
सरगुजा संभाग के तीन जिलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। नाटक विधा में कुल 18 तथा लोक नृत्य विधा में 14 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। विद्यार्थियों ने जनसंख्या शिक्षा के विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जीवन कौशल से जुड़े संदेश दिए।
प्रतियोगिता के परिणाम
नाटक (रोल प्ले) विधा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर, जिला कोरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लोक नृत्य (फोक डांस) विधा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, ब्रम्हपारा, जिला सरगुजा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक डॉ. राजेश कुमार सिंह, सहायक संचालक श्री अनिल अग्रवाल, श्री शशिकांत सिंह, श्री प्रवीण सिन्हा एवं श्री रविशंकर तिवारी, प्राचार्य श्री एल.पी. गुप्ता एवं श्री एडवर्ड टोप्पो तथा व्याख्याता श्री शैलेंद्र सेंगर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpeg)