बिजली ट्रांसफार्मर एवं केबल तार चोरी गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, छह मामलों का खुलासा; 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त

बिजली ट्रांसफार्मर एवं केबल तार चोरी गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, छह मामलों का खुलासा; 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त

अंबिकापुर। थाना उदयपुर पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर और केबल तार चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में छह चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पीकअप वाहन, चोरी का सामान और नगदी समेत करीब 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

ग्रामीणों ने पकड़ा था एक आरोपी

4 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच ग्राम गुडगांव, थाना उदयपुर में बिजली गुल होने पर प्रार्थी राजकुमार बाहर निकला। उसने देखा कि 2-3 लोग बिजली ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मौके पर एक आरोपी जसीम खान को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। चोरी गए ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग 35,000 रुपये बताई गई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ई) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। केबल चोरी के मामले थाना उदयपुर में 01, थाना लखनपुर में 02 और थाना कमलेश्वरपुर में 03 दर्ज थे।

दूसरा आरोपी पीकअप सहित पकड़ा गया

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना उदयपुर पुलिस ने आरोपी जसीम खान से पूछताछ की। उसने साथी मो. तशरीफ खान एवं अन्य के साथ ट्रांसफार्मर और केबल तार चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया।

इसके बाद फरार आरोपी मो. तशरीफ खान को पीकअप वाहन सहित पकड़ा गया। उसके कब्जे से पीकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 4079, 76,900 रुपये नगदी, मोटरसाइकिल, ट्रांसफार्मर तांबा कॉइल, केबल वायर, क्लैंप, कनेक्टर, लोहे का एंगल, वायरिंग बॉक्स, स्टे रॉड, स्टे वायर, धीरी एवं अन्य सामान जप्त किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई

प्रकरण में साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 भारतीय न्याय संहिता जोड़कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं और उनके विरुद्ध पूर्व से कई अपराध पंजीबद्ध हैं।

मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अन्य थानों से आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाकर आगे की विवेचना कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भीखम लाल साहू, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा तथा पुलिस टीम के सदस्य सक्रिय रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने