सरगुजा। उदयपुर क्षेत्र के विशुनपुर में महाकाल ढाबा के पास शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसा टल गया। टाटा इंट्रा पिकअप का टायर अचानक फटने से वाहन नियंत्रण से बाहर होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में चालक और चार बच्चे बाल-बाल बच गए।
गैस सिलेंडरों से भरा था वाहन
बताया जा रहा है कि वाहन गैस सिलेंडरों से भरा हुआ था। टक्कर के बाद बिजली का खंभा टूट गया, जिससे करंट का खतरा पैदा हो गया था। स्थानीय लोगों और वाहन चालक के अनुसार, यदि करंट सप्लाई गाड़ी तक पहुंच जाती तो गैस सिलेंडरों के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता था।
तुरंत सूचना देकर टला बड़ा हादसा
हादसे की जगह एक तरफ पेट्रोल पंप और दूसरी तरफ बिजली का खंभा है। दोनों तरफ खतरे की स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
स्थानीय लोगों और चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल सभी बच्चे और चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा घटना की आगे की जांच की जा रही है।
