उदयपुर में 70 वर्षीय पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, जयनगर से पकड़ा गया

उदयपुर में 70 वर्षीय पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, जयनगर से पकड़ा गया

उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुटा में घरेलू विवाद के दौरान 70 वर्षीय पिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 43 वर्षीय परबल ने अपने पिता मनिनाथ मझवार के साथ हाथ, लात और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद जयनगर चले गए आरोपी को पुलिस ने रात में तलाश कर पकड़ लिया। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

घर के आंगन में हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की है। ग्राम पुटा निवासी मनिनाथ मझवार का अपने पुत्र परबल से घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान बेटे ने घर के आंगन में पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी जान चली गई।

घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर नहीं थी। देर शाम उसके लौटने पर घटना का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों को जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत पुटा के सरपंच नंदा राम ने रात करीब 9 बजे उदयपुर पुलिस को सूचना दी।

रात करीब एक बजे हिरासत में लिया

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ जयनगर चला गया था। सूचना मिलने पर उदयपुर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जयनगर से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और आगे की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

फॉरेंसिक जांच के बाद कराया पोस्टमार्टम

फॉरेंसिक टीम सरगुजा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, एएसआई संजय गुप्त, पीएसआई भीखम लाल साहू, प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक रविन्द्र साहू, सुरजबली तथा नगर सैनिक नीरज साहू शामिल रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने