अंबिकापुर, दशहरा पर्व के अवसर पर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए सरगुजा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में जारी इस एडवाइजरी के तहत शहर में 10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस का अमला प्रमुख मार्गों पर तैनात रहेगा, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे यात्री वाहन
दशहरा पर्व के दौरान अलग-अलग मार्गों से अंबिकापुर आने-जाने वाले यात्री बसों और चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
मनेन्द्रगढ़ रोड एवं बनारस रोड की ओर से आने वाले वाहन: साईं मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड, गंगापुर मोड़ स्थित मासूम अस्पताल के पास रिंग रोड और बस स्टैंड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
गढ़वा रोड एवं प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन: रिंग रोड, प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारतमाता चौक और बस स्टैंड के रास्ते आवागमन करेंगे।
रायगढ़ रोड एवं बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन: रिंग रोड, भारतमाता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, मासूम अस्पताल के पास गंगापुर मोड़ और माखन विहार तिराहा होते हुए एमजी रोड की ओर जाएंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को शहर में आने-जाने की छूट रहेगी।
दशहरा स्थल के लिए 10 पार्किंग स्थल निर्धारित
दशहरा आयोजन के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
P-01 औद्योगिक रोड: मंच पर बैठने वाले वीआईपी एवं पासधारी व्यक्तियों के वाहनों के लिए।
P-02 पीजी कॉलेज गेट: ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों के लिए।
P-03 डाइट/पटवारी प्रशिक्षण मैदान: मीडिया संस्थानों के सदस्यों तथा आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-04 दुबे प्लॉट, बनारस रोड: बनारस रोड की ओर से आने वाले आम नागरिकों के वाहनों के लिए।
P-05 नवापारा चर्च के सामने मैदान: आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-06 सर्कस मैदान: अंबेडकर चौक की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-07 पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान: आईटीआई की ओर स्थित प्रवेश द्वार से, गांधी चौक की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-08 राजमोहिनी देवी भवन: अंबेडकर चौक एवं एमजी रोड की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-09 राजमोहिनी देवी भवन के पीछे का मैदान: अंबेडकर चौक एवं एमजी रोड की ओर से आने वाले आम नागरिकों के लिए।
P-10 किसान राइस मिल मैदान: एमजी रोड की ओर से आने वाले आम नागरिकों के वाहनों के लिए।
पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील
सरगुजा पुलिस ने दशहरा पर्व के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान शहर में जाम की समस्या को कम करना और आम जनता का आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखना है।
नोट: दशहरा स्थल पर पहुंचने से पहले अपने आगमन मार्ग के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल का चयन करें तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें।
