सूरजपुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा ने सूरजपुर जिले में अवैध रूप से मिलावटी शराब तैयार कर बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कुमदा बस्ती में दबिश देकर करीब 2500 नग विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलों के ढक्कन, 200 नग नकली लेबल/रैपर, खाली शीशियां तथा लगभग 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त की है। मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में गश्त पर थी। इसी दौरान शाम के समय कुमदा चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे बेचने का काम कर रहा है।
मुखबिर की सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कुमदा बस्ती स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे से बड़ी मात्रा में शराब की बोतलों के ढक्कन, विभिन्न ब्रांड के लेबल, खाली शीशियां और मिलावटी शराब बरामद हुई। टीम के अनुसार, बरामद सामग्री में मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू सहित विभिन्न ब्रांडों से संबंधित सामग्री शामिल थी।
आबकारी विभाग ने मौके से करीब 2500 नग शराब की बोतलों के ढक्कन, 200 नग विभिन्न ब्रांड के रैपर/लेबल तथा लगभग 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त की। विभाग ने आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की।
आरोपी को 26 सितंबर 2026 को न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त होने के बाद उसे जेल दाखिल किया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि अवैध एवं मिलावटी शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी तथा नगर सैनिक रोहित सोनवानी सहित उड़नदस्ता टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।