- थाना कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
- बौरीपारा तालाब के पास मारपीट के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार हुए।
- घर में घुसकर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार हुआ।
- आरोपी गणेश उर्फ गोलू दोनों मामलों में शामिल पाया गया।
- डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई।
अंबिकापुर, सरगुजा जिले में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने दो अलग-अलग प्रकरणों में फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पहले मामले में बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर दिनांक 07/09/2026 को प्रार्थी लेखांश कान्त के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, कड़े और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। इस मामले में अपराध क्र. 626/2026 दर्ज किया गया था। पूर्व में आरोपी रतन गुप्ता को गिरफ्तार किया जा चुका था। वर्तमान में पुलिस टीम ने मामले में शामिल फरार आरोपी गणेश उर्फ गोलू और आशुतोष गुप्ता उम्र 22 वर्ष, निवासी महामाया चौक को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दूसरे मामले में दिनांक 21/10/2025 को बौरीपारा में प्रार्थी सौरभ मिश्रा के घर के बाहर खड़ी गाड़ियाँ तोड़ी गईं और घर में घुसकर प्रार्थी व उनके साथियों से मारपीट की गई थी। इस मामले में अपराध क्र. 781/2025 दर्ज किया गया था। मामले के 6 मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। वर्तमान में प्रकरण के फरार आरोपी गणेश कुमार उर्फ गोलू उम्र 27 वर्ष, निवासी मायापुर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी गणेश उर्फ गोलू दोनों मामलों में शामिल पाया गया है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, स.उ.नि. अदीप प्रताप सिंह, स.उ.नि. विमल सिंह, प्र.आर. सुधीर सिंह, आर. देवेंद्र पाठक एवं नितिन सिन्हा सक्रिय रहे।