- मलेरिया प्रभावित ग्राम मतरिंगा में स्थिति का जायजा, वर्तमान में 3 मरीज सक्रिय।
- सुदूर बसाहट क्षेत्रों में सघन सर्वे और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश।
- आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश।
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदमा का आकस्मिक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की समीक्षा।
- राशन वितरण, सोलर लाइट, विद्युत और पुलिया जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश।
अंबिकापुर, – कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने रविवार को विकासखण्ड उदयपुर का दौरा किया। उन्होंने मलेरिया प्रभावित क्षेत्र मतरिंगा पहुंचकर मौके पर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान वर्तमान में मलेरिया के तीन मरीज सामने आए हैं, जिनका उपचार जारी है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले को प्रभावित क्षेत्र में सघन सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करने, संदिग्ध मरीजों के तत्काल सैंपल लेने और पॉजिटिव पाए जाने पर समय पर उपचार सुनिश्चित करने कहा। साथ ही मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक और सचिवों को भी इस कार्य में सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मलेरिया रोकथाम के लिए आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव वाले स्थानों की पहचान और मच्छरों के नियंत्रण हेतु आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। सभी परिवारों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
आश्रम-छात्रावास निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा आश्रम मरेया का दौरा किया। उन्होंने आश्रम परिसर, शयनकक्ष, रसोई, स्टोर और शौचालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- आश्रम में पीने के पानी के लिए गहरा बोर कराने के निर्देश।
- स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की बात कही।
स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदमा का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
- मरीजों को दी जा रही सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति की समीक्षा।
- अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी, लैब जांच और टीकाकरण सुविधाओं की जानकारी ली।
- आवश्यक मरम्मत कार्य और पावर बैटरी बैकअप की व्यवस्था हेतु निर्देश दिए।
कलेक्टर अजीत वसंत ने दौरे के दौरान मतरिंगा ग्राम में राशन वितरण, सोलर लाइट, विद्युत और पुलिया जैसी समस्याओं को संज्ञान में लेकर संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है।