अंबिकापुर। भाजपा नेताओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, मारपीट और जमीन घोटाले जैसे मामलों में पुलिस कार्रवाई की प्रगति जानने के लिए सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा से मिला। प्रतिनिधिमंडल में निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पिछले माह कलाकेंद्र मैदान के आबंटन में कथित रिश्वतखोरी से जुड़ी एक मोबाइल वार्ता का ऑडियो वायरल हुआ था। कांग्रेस का दावा है कि इस बातचीत में सुनाई देने वाली आवाजें अंबिकापुर महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष की बताई जा रही हैं। इसके अलावा सीतापुर में विधायक द्वारा राजस्व अधिकारी से कथित मारपीट तथा भिट्ठीकला में एक विधवा महिला के साथ जमीन खरीद में कथित धोखाधड़ी जैसे मामलों में भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं या उनके समर्थकों के शामिल होने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस का कहना है कि इन मामलों में शिकायत और साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद कई महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने बताया कि थाने से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कार्रवाई की गति संतोषजनक नहीं रही।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 6 जुलाई को न्याय रैली निकालकर सरगुजा रेंज के आईजी को लिखित ज्ञापन और उपलब्ध साक्ष्य सौंपे गए थे। इसके बावजूद लगभग दो सप्ताह बाद भी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को फिर आईजी से मुलाकात कर प्रकरणों की प्रगति की जानकारी मांगी।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, आईजी दीपक झा ने विभिन्न मामलों में चल रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि इन प्रकरणों में जल्द परिणाम सामने आएंगे और कांग्रेस को इन मांगों को लेकर दोबारा आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यदि कार्रवाई संतोषजनक नहीं हुई तो कांग्रेस भाजपा के मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विरोधस्वरूप काला झंडा प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में संजय विश्वकर्मा, विनीत विशाल जायसवाल, पापिंदर सिंह और शुभम जायसवाल भी उपस्थित रहे।