- सरगुजा के मैनपाट में बाइकर्स गैंग का आतंक, तेज रफ्तार और तेज आवाज वाली बाइकों से माहौल हुआ प्रभावित
- एक साथ कई बाइक लेकर सड़कों पर दौड़ रहे युवक, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की शांति हो रही भंग
- सुकून के पल बिताने मैनपाट पहुंचे लोगों के लिए बाइकर्स गैंग बना परेशानी का कारण
- बाइकर्स की गतिविधियों से पुलिसिंग व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों के पालन पर उठने लगे बड़े सवाल
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में इन दिनों बाइकर्स गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में युवक समूह बनाकर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। कई बाइकों में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे होने के कारण पूरे क्षेत्र का शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक साथ कई बाइक लेकर निकले युवक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर तेज गति से वाहन चला रहे हैं। इससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि सुकून और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने मैनपाट पहुंचे पर्यटक भी असहज महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार तेज रफ्तार और कानफोड़ू आवाज वाली बाइकों के कारण क्षेत्र की शांति भंग हो रही है तथा दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। पर्यटकों ने भी ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि पर्यटन स्थल का शांत और सुरक्षित वातावरण बना रहे।
बाइकर्स गैंग की इन गतिविधियों ने पुलिसिंग व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों के प्रभावी पालन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी और नियमित कार्रवाई की आवश्यकता है, जिससे मैनपाट आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
Tags
अम्बिकापुर