डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन मे सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, यातायात नियमो की अनदेखी करने वाले 158 बाइक जब्त

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन मे सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, यातायात नियमो की अनदेखी करने वाले 158 बाइक जब्त



अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में बाइकर्स गैंग द्वारा स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत एक ही दिन में 158 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक समूह बनाकर सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए। इस घटना से पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के बाद थाना कमलेश्वरपुर, थाना दरिमा, थाना मणीपुर, थाना कोतवाली अंबिकापुर और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात शाखा ने 50, थाना कमलेश्वरपुर ने 55, थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली ने 8 तथा थाना मणीपुर ने 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 158 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।

जांच के दौरान कई नाबालिग वाहन चालक भी पाए गए। ऐसे मामलों में पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी और स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालान किए गए।

सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैनपाट सहित जिलेभर में यातायात नियमों की अवहेलना, स्टंटबाजी, तेज रफ्तार, मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाने तथा आम नागरिकों और पर्यटकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं पर रोक लगाना तथा पर्यटन स्थलों का शांत एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।
आम नागरिकों से पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी पर्यटन स्थल या अन्य स्थान पर बाइकर्स गैंग द्वारा सड़क जाम करने, खतरनाक स्टंट करने या मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज कर लोगों को परेशान करने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने