अंबिकापुर। शहर के गांधी स्टेडियम में आयोजित नेशनल ट्राइबल गेम्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खेलो इंडिया के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने का दावा किया जा रहा है, वहीं स्टेडियम परिसर में आवारा कुत्तों के घुसने से व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई।
प्रतियोगिता के दौरान अचानक स्टेडियम में आवारा कुत्तों का झुंड घुस आया, जिससे खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुत्तों ने मैदान और दर्शक क्षेत्र में इधर-उधर दौड़ते हुए उत्पात मचाया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि इस आयोजन में देश के 30 राज्यों से डेढ़ सौ से अधिक खिलाड़ी और कोच हिस्सा लेने पहुंचे हैं। ऐसे बड़े आयोजन के बावजूद सुरक्षा और प्रबंधन में इस तरह की लापरवाही सामने आना आयोजन समिति की तैयारियों पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन आवारा पशुओं को नहीं हटाया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठने लगी है, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।