अम्बिकापुर, थाना गांधीनगर पुलिस ने लैपटॉप चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप एवं बैग बरामद कर जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 25 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी 2026 को रायपुर से ट्रेन द्वारा अम्बिकापुर आने के दौरान उसकी पहचान एक अज्ञात युवक से हुई थी। अम्बिकापुर पहुंचने के बाद वह युवक के साथ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में बैठी थी। इसी दौरान प्रार्थिया अपना बैग युवक को देखने के लिए कहकर वॉशरूम चली गई। वापस लौटने पर उसका बैग और युवक दोनों गायब थे।
बैग में Zebronics कंपनी का लैपटॉप, चश्मा एवं अन्य सामान रखा हुआ था। मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 106/26 धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थिया एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। संदेह के आधार पर शुभम महावर (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया बैग एवं लैपटॉप बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी इसी प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे तथा आरक्षक उमेश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।