लखनपुर, 10 जून 2026। समावेशी शिक्षा अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, सत्यापन एवं अद्यतन डाटा संग्रह हेतु व्यापक सर्वेक्षण कार्य के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मितानिनों, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण की उपयोगिता एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के चिन्हांकन की प्रक्रिया, उनकी आवश्यकताओं का आकलन, सहायक उपकरणों की जरूरत, यात्रा भत्ता सहित विभिन्न सुविधाओं से संबंधित जानकारी के अद्यतन की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही सर्वेक्षण प्रपत्रों को सही तरीके से भरने तथा आवश्यक जानकारी अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (Capital Letters) में दर्ज करने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बैठक में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम (RPWD Act-2016) के तहत शामिल 21 प्रकार की दिव्यांगताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगता की पहचान, लक्षण, रोकथाम एवं समय पर हस्तक्षेप के महत्व पर चर्चा की गई। चिन्हांकित बच्चों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 96 हितग्राहियों ने सहभागिता कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह, बीआरसी श्री दीपेश पांडे एवं बीपीओ श्री अरविंद गुप्ता के निर्देशन में समावेशी शिक्षा के बीआरपी श्री भागवत देवांगन एवं श्रीमती वैदेही द्वारा सर्वेक्षण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएसी श्री हेमसागर प्रधान, श्री भागीरथी कुमार, श्री अजय, श्री जीवन दास, श्री दुष्यंत कश्यप सहित अन्य शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का सराहनीय योगदान रहा। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।