कोण्डागांव | सेवानिवृत्त प्रधान पाठक से भविष्य निधि (PF) भुगतान के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने वाले शिक्षा विभाग के लेखापाल को एन्टी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेते पकड़ा गया।
ग्राम हसलनार निवासी श्री सोनसिंह यादव ने एन्टी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे दिसंबर 2025 में प्रधान पाठक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उनकी भविष्य निधि की राशि कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव से मिलनी है।
भुगतान की प्रक्रिया के लिए जब उन्होंने कार्यालय में पदस्थ सतीश सोरी, सहायक वर्ग-2/लेखापाल से संपर्क किया, तो आरोपी द्वारा 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से एन्टी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया।
शिकायत के सत्यापन के बाद एन्टी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 06 फरवरी 2026 को ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी सतीश सोरी को प्रार्थी से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
एन्टी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
chhattisgarh