2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में होगा आयोजन, जनभागीदारी पर विशेष जोर
अम्बिकापुर, 03 अगस्त 2025 — भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 02 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने सभी विभाग प्रमुखों, जनपद पंचायतों, अनुविभागीय अधिकारियों एवं नगरीय निकायों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
तीन चरणों में संचालित होगा अभियान
यह अभियान 3 चरणों — 2 से 8 अगस्त, 9 से 12 अगस्त और 13 से 15 अगस्त — में चलाया जाएगा। इसमें जनभागीदारी के माध्यम से देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी
कलेक्टर ने सभी सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, कॉरपोरेट एवं निजी संस्थानों और उनके परिजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कॉरपोरेट एवं निजी संगठन सीएसआर संसाधनों से सहयोग करेंगे।
तिरंगा निर्माण और वितरण की व्यवस्था
अभियान के दौरान स्व-सहायता समूहों को तिरंगा निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। गांव-गांव में तिरंगा वितरण एवं बिक्री केंद्र स्थापित होंगे। पोस्ट ऑफिस और उचित मूल्य की दुकानों को भी विक्रय केंद्र के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान
राज्य सरकार की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी गतिविधियों को भारत सरकार की वेबसाइट www.harghartiranga.com से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्थानीय भाषाओं में बैनर, पोस्टर, रंगोली, तिरंगा सेल्फी जोन और तिरंगा लाइटिंग जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
गूगल फॉर्म से निगरानी और रिपोर्टिंग
ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को नोडल अधिकारियों की जानकारी और तिरंगा वितरण संबंधी अद्यतन जानकारी भारत सरकार द्वारा साझा किए गए गूगल फॉर्म https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSeyrn6d9810NoQ7NquJjOQVXN-MjR9tkBjP7sFZPD-y1aXUPA/viewform लिंक के माध्यम से अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागीय अधिकारियों को सतत अनुश्रवण करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा।