पाँच विभागीय सूचकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि, सरगुजा का गौरव बढ़ा
अम्बिकापुर, 04 अगस्त 2025 — भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्पूर्णता सम्मान समारोह में सरगुजा जिले के आकांक्षी ब्लॉक लखनपुर को रजत पदक (सिल्वर मेडल) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार लखनपुर विकासखंड द्वारा विभिन्न विभागों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और टीम भावना के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में मिली सरगुजा को बड़ी उपलब्धि
सम्मान समारोह में सरगुजा जिला कलेक्टर श्री विलास भोसकर के प्रतिनिधि के रूप में लखनपुर जनपद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. स्वेच्छा सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। जिले की आकांक्षी विकासखंड टीम के जमीनी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुए जमीनी कार्यकर्ता
सम्मानित होने वालों में स्वास्थ्य विभाग से ANM श्रीमती धनेश्वरी मानिकपुरी, BPM साधना लकड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग से ICDS सुपरवाइजर श्रीमती रत्ना सरकार, कृषि विभाग से REO श्रीमती प्रेमा बेक, NRLM विभाग से एरिया कोऑर्डिनेटर श्रीमती रूही परवीन शामिल हैं। इस अवसर पर ABF श्रीमती शुभिता शुक्ला भी उपस्थित रहीं।
अभियान में हासिल की उल्लेखनीय सफलता
वर्ष 2024 में जुलाई से सितम्बर तक संचालित सम्पूर्णता अभियान के दौरान छह विभागीय सूचकों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया था। लखनपुर विकासखंड ने इनमें से पाँच सूचकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की, जिसके परिणामस्वरूप उसे राज्य स्तर पर रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने दी बधाई और प्रोत्साहन
कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य का परिणाम है। उन्होंने टीम को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का नियमित और प्रभावी क्रियान्वयन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।