रेलवे स्टेशन पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय अभिनंदन
अंबिकापुर,
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सुबह राजधानी रायपुर से अंबिकापुर तक की रेल यात्रा कर अंबिकापुर पहुंचे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक श्री सुनील सोनी भी मौजूद रहे।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री के आगमन पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में आईजी सरगुजा श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री विलास भोसकर, एसपी श्री राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपनी यात्रा को यादगार बताते हुए कहा, "रेल की यह सुंदर यात्रा हमेशा के लिए स्मृतियों में दर्ज हो गई है। यह एक सुखद और आत्मीय अनुभव रहा।" उन्होंने यात्रा के दौरान यात्रियों और रेल कर्मचारियों से संवाद किया और उनके व्यवहार की सराहना की।
मुख्यमंत्री के सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को विशेष रूप से प्रभावित किया। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री की यह यात्रा प्रशासनिक दृष्टि से ही नहीं, जनसंपर्क और सादगीपूर्ण नेतृत्व का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण रही।