जिला सरगुजा
सरगुजा, बतौली:
थाना बतौली पुलिस ने एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 06 जून 2025 को एक युवती ने थाना बतौली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की जान-पहचान ग्राम करदना निवासी रामगहन उर्फ बबलू यादव, उम्र 25 वर्ष, से लगभग 8 वर्ष पूर्व हुई थी। वर्ष 2018 में आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। समय के साथ जब आरोपी से शादी की बात की गई तो उसने इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बतौली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 60/25, धारा 69 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, उप निरीक्षक संजय नाथ तिवारी, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट व किरण, तथा आरक्षक राजेश खलखो, भगलू राम, संतोष बरवा और हिमांशु पाण्डेय की सराहनीय भूमिका रही।