मैनपाट/सीतापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट के खदान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने खदान कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़क, मजदूरी भुगतान, स्थानीय रोजगार और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विधायक के सामने रखा।

ग्रामीणों ने बताया कि खदानों के संचालन से क्षेत्र में कई तरह की परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं। कंपनियों की कथित अनियमितताओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ने खदान कंपनियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कंपनियां अगले छह माह के भीतर अपनी सड़क का निर्माण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान, स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार तथा काम करने वाले मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कंपनियों की मनमानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खनन कार्य करने वाली सभी कंपनियों को निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। स्थानीय ग्रामीणों के हितों की अनदेखी कर किसी भी कंपनी को काम करने की छूट नहीं दी जाएगी।
विधायक की इस पहल से खदान प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने आशा जताई कि लंबे समय से चली आ रही उनकी समस्याओं का अब जल्द समाधान होगा और कंपनियों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा।









