अंबिकापुर। लोकआस्था का महापर्व छठ पूजा आज देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अंबिकापुर में भी छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आज छठ पूजा का तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण दिन है, जिसमें व्रती महिलाएं शाम के समय विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु पूरी आस्था और विश्वास के साथ सूर्य उपासना करते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को तथा चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। व्रती महिलाएं छठी मइया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतानों की लंबी आयु और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करती हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धा और निष्ठा के साथ रखा गया छठ व्रत छठी मइया की कृपा से सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करता है। अंबिकापुर के दर्जनों छठ घाटों पर आज शाम व्रती महिलाएं अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इस दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
प्रशासन द्वारा छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। छठ पर्व को लेकर पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।


