अंबिकापुर। चुनाव आयोग की गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के आखिल भारतीय कार्यक्रम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के तहत बुधवार को सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न सांगठनिक ब्लॉकों के 19 मंडलों में मंडल स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, एआईसीसी से नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बेलटिकरा में देवाशीष पटनायक का संबोधन
दरिमा ब्लॉक के करजी मंडल में स्थित ग्राम बेलटिकरा में मंडल चौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी से नियुक्त प्रभारी श्री देवाशीष पटनायक ने कहा कि सरगुजा जिले में कांग्रेस का मजबूत संगठन प्रत्येक वैध मतदाता के मताधिकार की रक्षा कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने का आह्वान किया और कहा कि किसी भी वैध मतदाता को मताधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयुक्त के साथ मिलकर उन मतदाताओं को मताधिकार से वंचित कर रही है, जो भाजपा के समर्थक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अपने वोटर पहचान को कायम रखने की जवाबदेही प्रत्येक नागरिक की है।
टी.एस. सिंहदेव ने उठाए मतदाता सूची के मुद्दे
अंबिकापुर के विभिन्न मंडलों में संबोधन करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार वोटर कार्ड को नागरिकता का आधार बनाने का प्रयास कर रही है और राशन, आयुष्मान तथा जमीन के पट्टे जैसी लाभकारी योजनाओं को इससे जोड़ने की योजना बना रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान को इसकी पुष्टि बताया।
श्री सिंहदेव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से यह जांचने को कहा कि उनका और उनके पड़ोसियों का नाम मतदाता सूची में है या नहीं। साथ ही यह भी ध्यान देने को कहा कि मतदाता सूची में किसी ऐसे व्यक्ति का नाम दर्ज न हो, जो सरगुजा का निवासी नहीं है।
चौपाल में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक श्री रामदेव राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक, प्रदेश महामंत्री श्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह एवं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।
सुखदेव भगत का 16 नवंबर से सरगुजा दौरा
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद श्री सुखदेव भगत 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। 16 नवंबर को वे सरगुजा जिले में आएंगे।
17 नवंबर को वे उदयपुर में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन वे ग्राम साल्ही में परसा कोलब्लॉक के प्रभावितों से मुलाकात करेंगे। इसके उपरांत वे प्रेमनगर विधानसभा के ग्राम कांटारोली में बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होकर अंबिकापुर लौटेंगे।
18 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होने के बाद वे राजपुर में बूथ स्तरीय जनचौपाल में भाग लेंगे और फिर लोहरदगा लौट जाएंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के सरगुजा में मौजूद रहने की संभावना है।
