अंबिकापुर। किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सरगुजा जिले के ग्राम खलीबा में नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से खलीबा सहित आसपास के 11 गांवों के लगभग 416 पंजीकृत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक जाने और परिवहन की परेशानी झेलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
छोटे-सीमांत किसानों को मिलेगी राहत
धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आई है, जिन्हें अब तक अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। वाहन की व्यवस्था, परिवहन पर अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी जैसी समस्याएं किसानों के लिए बड़ी चुनौती थीं। अब अपने क्षेत्र में ही खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
ग्राम खलीबा निवासी प्रगतिशील कृषक एवं उपसरपंच श्री नितेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र दूर होने के कारण किसानों को लंबे समय से अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर छोटे किसानों के पास धान परिवहन के लिए स्वयं के साधन नहीं होने से उन्हें वाहन की व्यवस्था करने में कठिनाई होती थी। कई किसानों को पंजीयन संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता था।
11 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
नवीन धान खरीदी केंद्र खलीबा में ग्राम खलीबा, अजिरमा, कुल्हाड़ी, चठिरमा, ठाकुरपुर, बढ़नीझरिया, बलसेड़ी, बिसुनपुर खुर्द, भगवानपुर कला, भगवानपुर खुर्द एवं मेंद्राखुर्द के किसानों को सुविधा मिलेगी। खलीबा आसपास के गांवों के मध्य स्थित है, जिससे यह स्थान धान खरीदी केंद्र के लिए सुविधाजनक माना जा रहा है।
वर्तमान में क्षेत्र के लगभग 416 किसान पंजीकृत हैं। नवीन खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से आने वाले वर्षों में पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
धान का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को संबल
प्रगतिशील कृषक श्री नितेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलने वाली राशि का किसानों को लाभ मिला।
खेती में बढ़ती लागत और विपरीत परिस्थितियों के बीच उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किसानों की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंची और राज्य शासन ने खलीबा में नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति प्रदान की।
किसानों ने जताया आभार
नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री नितेश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र के किसान कई वर्षों से धान बेचने में परेशानियों का सामना कर रहे थे। वाहन नहीं मिलने और दूर खरीदी केंद्र तक जाने में काफी दिक्कत होती थी।
उन्होंने कहा कि नवीन खरीदी केंद्र से आसपास के गांवों के सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना की दिशा में किए जा रहे प्रयास ग्रामीण अंचलों में कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
