अंबिकापुर। डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य के लिए चार्ज अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में जिले के तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए। जनगणना निदेशालय नवा रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को कंप्यूटर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
संभागायुक्त दुग्गा ने कहा कि शासन की योजनाएं और नीतियां तैयार करने में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए जनगणना के दौरान प्रत्येक प्रविष्टि सावधानीपूर्वक दर्ज की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई व्यक्ति या घर गणना से न छूटे।
उन्होंने चार्ज अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा जनगणना संबंधी निर्देशों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन करें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें, ताकि कार्य के दौरान सही जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
संभागायुक्त ने आम नागरिकों से भी जनगणना में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। नागरिक उन्हें सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनसंख्या गणना का कार्य सटीक रूप से संपन्न हो सके।
दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग में जनगणना के प्रथम चरण में बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि द्वितीय चरण में भी अधिकारी इसी जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, एसडीएम अंबिकापुर बनसिंह नेताम, एसडीएम उदयपुर रामराज सिंह, एसडीएम सीतापुर प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर प्रिंसी तम्बोली और सुष्मिता टोंड्रे सहित तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
