अंबिकापुर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में सरगुजा पुलिस ने परंपरागत विधि-विधान से शस्त्र और वाहन पूजन किया। मंत्रोच्चार के बीच हवन कर जिले एवं प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई। पूजन के बाद सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायर किए।
रक्षित केंद्र स्थित शस्त्रागार से हथियारों को बाहर निकालकर पूजा-अर्चना की गई। पूजन संपन्न होने के बाद हथियारों को सुरक्षित शस्त्रागार में रख दिया गया। इस दौरान पुलिस वाहनों का भी पूजन किया गया। जिले के सभी थानों और चौकियों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर पुलिस प्रतिवर्ष शस्त्रों के माध्यम से शक्ति की आराधना करती है। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है और सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि सरगुजा पुलिस आम नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य और सदाचरण की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। पुलिस आमजन के हित में निरंतर सेवाएं दे रही है और अपराधों में कमी लाने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयास जारी रखेगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राकेश बघेल, नगर सेना कमांडेंट शिवराम कठोतिया, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
