म्यूल अकाउंट के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 14.17 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का आरोप

म्यूल अकाउंट के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 14.17 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का आरोप

अम्बिकापुर। थाना कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड एवं म्यूल अकाउंट से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आरोप है कि उसने प्रति खाता 1,000 रुपये लेकर अन्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाए और उनका उपयोग कुल 14,17,049 रुपये की ऑनलाइन ठगी में किया गया।

साइबर पोर्टल से मिली थी सूचना

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के आधार पर पुलिस मुख्यालय रायपुर से फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल एवं म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए थे। जांच में पाया गया कि संबंधित म्यूल खाते के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।

इसके बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 761/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

फेसबुक से परिचय के बाद खुलवाए फर्जी खाते

विवेचना के दौरान खाता धारकों के बयान लेखबद्ध कर प्रकरण सदर के आरोपी सतीश कुमार भारती को हिरासत में लिया गया। आरोपी ने अपना नाम सतीश कुमार भारती, पिता स्व. त्रिलोकी राम, उम्र 54 वर्ष, निवासी द्वारिका नगर, लटोरी चौकी, जिला सूरजपुर बताया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी फेसबुक के जरिए एक व्यक्ति से परिचय हुआ। उसने प्रति खाता 1,000 रुपये लेकर अन्य लोगों के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक में फर्जी खाते खुलवाए और उन्हें मोबाइल नंबर से लिंक करवाया। इन खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ 14,17,049 रुपये की ऑनलाइन ठगी के लेन-देन में किया गया था।

अस्पष्ट छायाप्रतियां जप्त, धारा 238 जोड़ी गई

आरोपी द्वारा खाता धारकों के मूल दस्तावेज पेश न कर अस्पष्ट छायाप्रतियां पेश कर साक्ष्य छिपाने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 238 भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई। पुलिस ने बैंक पासबुकों की छायाप्रतियां जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रकरण में संलिप्त अन्य मोबाइल धारकों और सहयोगियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, साइबर सेल टीम एवं आरक्षक जोधन पैकरा सक्रिय रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने