मदर टेरेसा चौक पर पुष्पांजलि और मोमबत्ती जलाकर किया स्मरण, मानव सेवा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
अंबिकापुर। मदर टेरेसा की पुण्यतिथि के अवसर पर अंबिकापुर स्थित मदर टेरेसा चौक में सर्व समाज एकता मंच द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मदर टेरेसा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और लोगों ने शामिल होकर मानवता की सेवा के क्षेत्र में मदर टेरेसा के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फादर विलियम उरे ने मदर टेरेसा के जीवन और मानवता के लिए किए गए उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा ने बीमार, गरीब और असहाय लोगों की सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उन्होंने अनाथ बच्चों को सहारा दिया और जरूरतमंदों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन मानव सेवा, करुणा और प्रेम का संदेश देता है।
इस अवसर पर सर्व समाज एकता मंच के चारणप्रीत ने शहीद भगत सिंह के जीवन से जुड़ा एक भावुक प्रसंग साझा किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के जीवन से जुड़ी यह घटना सेवा और ममता की भावना को दर्शाती है। उन्होंने इसी भाव को मदर टेरेसा के जीवन से जोड़ते हुए कहा कि मानवता की सेवा करने वाला व्यक्ति किसी एक वर्ग या समाज तक सीमित नहीं होता।
चारणप्रीत ने कहा कि मां वही है जो किसी के आंसू पोंछे, उसके दर्द को समझे और बिना किसी भेदभाव के उसकी सेवा करे। मदर टेरेसा ने गरीब, बीमार, अनाथ और असहाय लोगों को इसी ममता और करुणा के साथ अपनाया। उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा का जीवन मानवता के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है।
सिस्टर रेजिना ने भी मदर टेरेसा के सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जरूरतमंदों और पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया। वे शांति, करुणा और मानव सेवा की प्रतीक थीं। उनके जीवन से समाज को जरूरतमंदों की मदद करने और मानवता के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मदर टेरेसा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने मानवता, प्रेम, सेवा और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सर्व समाज एकता मंच के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।