लखनपुर पेट्रोलिंग वाहन से जुड़े वायरल वीडियो की जांच, पुलिस ने दावों को बताया तथ्यहीन

लखनपुर पेट्रोलिंग वाहन से जुड़े वायरल वीडियो की जांच, पुलिस ने दावों को बताया तथ्यहीन

 

अंबिकापुर,  लखनपुर थाना क्षेत्र में 23 सितंबर 2026 को विसर्जन कार्यक्रम के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से ग्रामीणों के विवाद और कथित तौर पर पैर कुचलने से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर सरगुजा पुलिस ने जांच कराई। पुलिस के अनुसार जांच में वायरल वीडियो में किए गए दावे असत्य एवं तथ्यहीन पाए गए हैं।

वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे। जांच की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) श्री राकेश कुमार बघेल को सौंपी गई।

एसडीओपी श्री राकेश बघेल ने थाना लखनपुर क्षेत्र के झिनपुरीपारा पहुंचकर मौके पर पीड़ित बताए गए व्यक्ति, अन्य मोहल्लेवासियों, थाना प्रभारी तथा पेट्रोलिंग टीम के सदस्यों के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर खड़ी भीड़ को पेट्रोलिंग वाहन के आने पर हटाया जा रहा था।

जांच में पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग टीम द्वारा किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं किया गया और न ही किसी व्यक्ति को वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया। मौके पर की गई जांच और दर्ज बयानों के आधार पर पुलिस ने कहा कि पेट्रोलिंग टीम एवं मोहल्लेवासियों के बीच विवाद होने की पुष्टि नहीं हुई।

सरगुजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में किए गए दावों को जांच के आधार पर तथ्यहीन और असत्य बताया है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वीडियो या खबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने अथवा उस पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने