जंगलों में आग, जीव-जंतु जलकर हो रहे नष्ट… मचा हाहाकार

जंगलों में आग, जीव-जंतु जलकर हो रहे नष्ट… मचा हाहाकार

अम्बिकापुर/सरगुजा। वन परिक्षेत्र उदयपुर और लखनपुर के जंगलों में इन दिनों लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जंगलों में रोज आग लगने से जीव-जंतु जलकर नष्ट हो रहे हैं और क्षेत्र में हाहाकार की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वन विभाग आग पर काबू पाने में नाकाम नजर आ रहा है।

गर्मी के दिनों में जंगलों को आग से बचाने के लिए किसी प्रकार की ठोस तैयारी नहीं दिख रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जंगलों में महुआ बिनने वाले लोग रोज आग लगा रहे हैं, जिससे आग तेजी से फैल रही है।

गुरुवार को लखनपुर के सोयदा पहाड़ी जंगल में दिनभर आग लगी रही। वहीं उदयपुर के सानी बर्रा, सेमी घोघरा और टेपारी जंगल में भी दिनभर आग जलती रही, जिससे जंगलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लगातार नए खदानों की स्वीकृति दिए जाने से भी जंगलों का सफाया हो रहा है। वहीं कब्जा करने वाले लोग हरे-भरे वृक्षों को काटकर जंगलों का रकबा लगातार घटा रहे हैं।

यह स्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है। आरोप यह भी है कि रसूखदारों को बड़ी आसानी से वन पट्टा प्रदान किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि वन विभाग के नियम-कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी तमाशा देख रहे हैं।

पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते जंगलों को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह दिन दूर नहीं जब आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और पानी भी नसीब नहीं होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने