अम्बिकापुर। धान बेचने के बाद भी बैंक से पूरी राशि नहीं मिलने से नाराज किसानों ने अम्बिकापुर में बैंक के बाहर चक्का जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि भुगतान में लगातार देरी हो रही है, जिसके चलते उन्हें कई-कई दिनों तक बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
किसानों ने बताया कि लंबी कतार में घंटों खड़े रहने के बाद भी उन्हें एक बार में केवल 20-20 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं। इससे आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं और रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ पारिवारिक खर्च भी प्रभावित हो रहा है।
बैंक परिसर और सड़क पर बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ उमड़ने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
किसानों का कहना है कि वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। बेटे-बेटियों की शादी के लिए पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन समय पर पूरी राशि नहीं मिलने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि बैंक में प्रतिदिन करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की नकद आवश्यकता रहती है, जबकि संबंधित ब्रांच को केवल लगभग एक करोड़ रुपये की ही आपूर्ति हो पा रही है। नकदी की कमी के चलते भुगतान व्यवस्था बिगड़ गई है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
किसानों ने मांग की है कि बैंक में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराई जाए, ताकि धान बिक्री की पूरी राशि उन्हें समय पर मिल सके और उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।