अंबिकापुर, सरगुजा जिले के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
विश्वविद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम रहा कि टीम ने इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर भी अपना दबदबा कायम रखा।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी यह टीम राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता की विजेता रह चुकी है और उसी लय को अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भी बरकरार रखा। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही टीम ने लगातार जीत दर्ज कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे।
टीम में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से प्रज्ञा मिश्रा, रिविका लकड़ा, रिमझिम, साक्षी, प्रिया जायसवाल, सुष्मिता, प्रियंका पैकरा, संसिता, रागिनी, प्रीति, नेहा एवं आकांक्षा शामिल रहीं। यह उपलब्धि संघ के लिए भी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
टीम के साथ कोच रजत सिंह, प्रबंधन प्रतिनिधि एस.एस. अली एवं राधा खलखो उपस्थित रहे।