अम्बिकापुर में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियों का आरोप, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने किया बड़ा खुलासा

अम्बिकापुर में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियों का आरोप, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने किया बड़ा खुलासा

अम्बिकापुर— जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री टी.एस. सिंहदेव ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अम्बिकापुर शहर की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गई हैं। उन्होंने विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि अकेले शहर के 111 मतदान केंद्रों पर 388 ऐसे मकान चिन्हित हुए हैं, जहां 20 या उससे अधिक मतदाताओं के नाम पंजीकृत हैं। इन मकानों में कुल 10,662 मतदाता दर्ज हैं, जो सामान्य परिस्थितियों में असामान्य और संदिग्ध है।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि शहर में कुछ ऐसे मकान भी मौजूद हैं, जहां एक ही मकान नंबर पर 150 से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र में 630 से अधिक डुप्लीकेट वोटर मौजूद हैं। श्री सिंहदेव ने कहा कि यह स्थिति लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करती है और मतदाता सूची में हेराफेरी के लिए एक संगठित तंत्र सक्रिय है।


राजनीतिक संदर्भ और आरोप
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद से ही पार्टी नेतृत्व को नतीजों में गड़बड़ी का संदेह था, जिसे महाराष्ट्र चुनाव के एकतरफा परिणामों ने और मजबूत किया। उन्होंने याद दिलाया कि 7 अगस्त को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से ऐसे तथ्यों को सामने रखा, जिन्हें उन्होंने "वोट चोरी के ठोस सबूत" बताया था।

श्री सिंहदेव ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग का व्यवहार भाजपा के "अनुषांगिक संगठन" जैसा प्रतीत होता है। उनके अनुसार, चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही भाजपा आईटी सेल को इसकी जानकारी मिल जाती है, और चुनाव कार्यक्रम इस तरह तय किया जाता है कि प्रधानमंत्री को अधिक से अधिक उद्घाटन, लोकार्पण और प्रचार के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि अब जब मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ियां उजागर हो रही हैं, तो आयोग जांच करने के बजाय टालमटोल और सीनाजोरी का रवैया अपना रहा है, जिससे यह धारणा और मजबूत होती है कि आयोग निष्पक्ष नहीं है।

बी.एल.ए. की भूमिका और जिम्मेदारी
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नवनियुक्त बूथ लेवल एजेंट्स (बी.एल.ए.) को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी का प्रतिनिधित्व करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं की है। मतदाता सूची के निर्माण से लेकर मतदान के दिन तक, बी.एल.ए. को सतर्क रहकर काम करना होगा और किसी भी अनियमितता को तुरंत चिन्हित करना होगा।

जिला कांग्रेस की रणनीति
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों की विसंगतियों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने सभी जोन अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और बी.एल.ए. से तय बिंदुओं के आधार पर जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन विसंगतियों को जनता और प्रशासन के सामने लाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

अन्य नेताओं के विचार
20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बी.एल.ए. अपने बूथ पर पार्टी अध्यक्ष के समान महत्व रखता है और उसे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। बैठक को पीसीसी उपाध्यक्ष श्री जे.पी. श्रीवास्तव, पीसीसी महामंत्री श्री द्वितेन्द्र मिश्रा और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी संबोधित किया।

बैठक में उपस्थिति
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर शहर के अध्यक्ष श्री हेमंत सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर ग्रामीण के अध्यक्ष श्री विनय शर्मा, श्री संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, विनित विशाल जायसवाल, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, अनूप मेहता, जमील खान, जोन अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, चंद्र प्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकी खान, सोहन जायसवाल, अमित सिंह, अशोक सिंह, प्रेमनारायण तिवारी सहित सभी सेक्टर प्रभारी और बी.एल.ए. बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने